उन्होंने जंगीपुर में अपने खर्च पर अस्पताल बनाने की घोषणा की है
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मालदा में प्रशासनिक बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मशहूर गायक अरिजीत सिंह को मुर्शिदाबाद जिले में अस्पताल बनाने में हर तरह से मदद की जाए। उन्होंने जंगीपुर में अपने खर्च पर अस्पताल बनाने की घोषणा की है।
गुरुवार को ममता ने मालदा और मुर्शिदाबाद जिले की प्रशासनिक बैठक एक साथ की। इस दौरान ममता ने कहा कि मुर्शिदाबाद के ही रहने वाले अरिजीत सिंह अस्पताल बनाना चाहते हैं तो प्रशासन इसमें हर तरह से मदद करें।
उन्होंने कहा कि अरिजीत खुद ही जियागंज के रहने वाले हैं। जंगीपुर में अस्पताल बनाना चाहते हैं तो राज्य प्रशासन की ओर से कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने तृणमूल नेता खलीलुर रहमान को भी निर्देश देते हुए कहा कि आप को विशेष तौर पर इसमें मददगार बनना होगा। उन्होंने कहा कि वैसे तो जंगीपुर में पहले से ही राज्य सरकार ने एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया है। अरिजीत सिंह और अस्पताल बनाएंगे तो निश्चित तौर पर सुविधाएं बढ़ेंगी।